दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग । पुलगांव थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला को बहला फुसलाकर जंगल में ले जाकर उसके सिर पर पत्थर से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचाना। आरोपियों में नीतिश ठाकुर और हर्ष यादव शामिल हैं।
पुलगांव नाला के पास जंगलनुमा क्षेत्र में 17 जुलाई को एक महिला का अर्धनग्न शव मिला था। सूचना पर पुलगांव पुलिस, क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान भगवंतनी बाई 55, निवासी ओम नगर उरला दुर्ग के रूप में हुई।
भगवंतनी बाई 16 जुलाई से लापता थीं, जिसकी रिपोर्ट परिजनों ने सिटी कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में दुष्कर्म के बाद सिर पर वार कर हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। एक फुटेज में महिला दो युवकों के साथ जाती दिखी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में नीतिश ठाकुर और हर्ष यादव ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पकड़े गए आरोपी नीतिश ठाकुर और हर्ष यादव घड़ी चौक पहुंचे थे। वे एटीएम के पास शराब पी रहे थे, तभी मृतका महिला वहां खड़ी थी। हर्ष ने महिला को मजदूरी काम में ले जाने के बहाने 2 हजार रुपये दिए। तीनों ई रिक्शा से पुलगांव गए और पुलगांव नाला के पास जंगलनुमा इलाके में पहुंचे। वहां महिला ने आरोपियों को धमकी देना शुरू कर दिया, जिससे उनमें वाद-विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गमछा से महिला का गला घोंटा। उन्होंने एक बोल्डर से उसके सिर पर भी वार किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उन्हें अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।







