विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य पर चिंतन शिविर में चर्चा शुरू

रायपुर स्थित आईआईएम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ की शुरुआत हो गई है, जिसमें मुख्यमंत्री सहित पूरे मंत्रिमंडल की मौजूदगी में विकसित छत्तीसगढ़ के विजन, सुशासन, नीति निर्माण, नवाचार और परिणाम आधारित प्रशासन जैसे विषयों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। इस शिविर में कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, टेक्नोलॉजी और जनसेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में नई रणनीतियां तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे, जिनमें आध्यात्मिक गुरु गौर गोपाल दास जीवन मूल्य और नेतृत्व पर, नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर तकनीक और नवाचार आधारित प्रशासन पर, कृषि अर्थशास्त्री डॉ. रमेश चंद ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय पर, पूर्व पर्यटन सचिव सुमन बिल्ला पर्यटन एवं निवेश संभावनाओं पर, ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग नेतृत्व और लक्ष्य प्राप्ति के अनुभव साझा करेंगे, जबकि शिक्षाविद डॉ. विनय सहस्रबुद्धे सुशासन और प्रभावी प्रशासन पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। सरकार का उद्देश्य इस चिंतन शिविर के माध्यम से विभागीय समन्वय को मजबूत करना, निर्णय प्रक्रिया को तेज करना और नागरिक-केंद्रित पारदर्शी प्रशासन को और प्रभावी बनाना है।







