ChhattisgarhRegion

सराफा व्यापारियों ने एसीपी राठौर से की सौजन्य मुलाकात, सुरक्षा व व्यापारिक समस्याओं पर हुई चर्चा

Share

रायपुर। पुरानी बस्ती, अश्विनी नगर, चंगोराभाठा, भाठागांव एवं रायपुरा क्षेत्र के सराफा व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी देवांश सिंह राठौर से सौजन्य भेंट कर व्यापारियों को हो रही विभिन्न समस्याओं और हाल में हुई कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रगति ज्वेलर्स के संचालक, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के प्रदेश मंत्री एवं महादेवघाट व्यापारी कल्याण संघ के सचिव वैभव सालुंखे ने बताया कि वर्तमान में सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों तथा बाजार में आई मंदी के कारण सराफा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि होने से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
व्यापारियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तारपूर्वक एसीपी के समक्ष रखा। इस दौरान एसीपी ने व्यापारियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक चर्चा करते हुए अपने अनुभव के आधार पर सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम तथा अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
एसीपी राठौर ने आश्वस्त किया कि रायपुर पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में पुलिस एवं उनकी टीम द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने का भी आग्रह किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं सहयोग के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button