इंदौर में दिनदहाड़े व्यापारी अपहरण पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ्तार, कुछ ही घंटों में रेस्क्यू

मध्य प्रदेश के इंदौर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक अनाज व्यापारी सूरज लवंशी का अपहरण कर लिया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पीथमपुर रोड पर वाइन शॉप के पास खड़े व्यापारी को एक स्विफ्ट कार में सवार 4 से 5 बदमाशों ने पहले मारपीट कर जबरदस्ती कार में डाल लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी की पत्नी राऊ थाने पहुंचीं और पति के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। थाना प्रभारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध कार को ट्रेस किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम नागपुर सांवेर में घेराबंदी कर व्यापारी को सुरक्षित छुड़ा लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों मुकेश पटेल, जितेंद्र पटेल, सुमित पटेल और गब्बर उर्फ सुनील पटेल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन विवाद और आपसी लेनदेन से जुड़ा हुआ सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली गई है, वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।







