ChhattisgarhRegion

कुंवारा निवासी सतीश ने दिया अनोखा आवेदन, शराब की बोतलों में हो सीएम व प्रभारी मंत्री की फोटो 

Share

बेमेतरा। बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे का एक अनोखा आवेदन इन दिनों लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सतीश ने अपने आवेदन में मांग की है कि जिस प्रकार शासन की विभिन्न योजनाओं और प्रचार सामग्री में मुख्यमंत्री तथा प्रभारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी तरह शासन द्वारा बेची जाने वाली शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री की फोटो अंकित की जाए।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि शासन की योजनाओं और अन्य सरकारी गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों के चित्रों का उपयोग किया जाता है, तो समान रूप से सभी शासकीय उत्पादों और व्यवस्थाओं में भी यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि यह आवेदन सुशासन तिहार के अवसर पर आबकारी विभाग को सौंपा गया था। जैसे ही यह आवेदन सामने आया, वैसे ही यह स्थानीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया और धीरे-धीरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी तेजी से वायरल होने लगा। मामला वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे व्यंग्यात्मक और तंज के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे शासन व्यवस्था पर एक तरह का प्रतीकात्मक विरोध मान रहे हैं। वहीं कई लोगों का कहना है कि यह आवेदन एक अलग सोच और ध्यान आकर्षित करने का अनोखा तरीका है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर विभाग की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग इस आवेदन को किस रूप में लेता है और क्या इस पर कोई औपचारिक जवाब जारी किया जाता है या नहीं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button