केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल नेतानार सीआरपीएफ कैंप में पहले सेवा डेरा का करेंगे लोकार्पण

जगदलपुर। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों के खात्में के लिए सुरक्षाबल के स्थापित 400 सुरक्षा एवं सुविधा कैंपों की अहम भूमिका रही है। अब जबकि बस्तर में नक्स्लवाद के खत्में के साथ शांति बहाली की घोषणा हो चुकी है, तो यही कैंप सेवा डेरा के रूप में काम करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को नेतानार के सीआरपीएफ कैंप में पहले सेवा डेरा का लोकार्पण करेंगे। वे नेतानार से देश को नए बस्तर का संदेश देते दिखेंगे, जिसमें कभी नक्सल हिंसा से पहचाना जाता रहा बस्तर अब विकास, विश्वास और बदलाव को प्रर्दशित किया जायेगा । इसी बदलते बस्तर को देश के सामने प्रस्तुत करने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को बस्तर प्रवास पर आ रहे हैं।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह पहला बस्तर प्रवास है, जिसे सरकार और भाजपा दोनों ही ऐतिहासिक रूप देने में जुटे हुए है। नेतानार में बनाये जा रहे पहले सेवा केंद्र शहीद गुंडाधुर के नाम से जुड़ा है। यहां के सेवा डेरा को सरकार बस्तर में विकास, जनसेवा और आत्मनिर्भरता के नए मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेगी। सेवा डेरा का मॉडल अमित शाह का ही बताया जा रहा है। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे की लड़ाई के बीच ही कहा था, कि हम कैंपों से अभी सुरक्षा बहाल कर रहे, आगे यही से बदलाव की बयार दिखेगी। अमित शाह के सेवा डेरा में सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र और महिला स्व सहायता समूहों की गतिविधियों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं से सीधे जोडने की पहल की जाएगी। नेतानार के सीआरपीएफ कैंप से पहला सेवा डेरा संचालित होगा। बस्तर संभाग के सभी कैंप को सरकार अब इसी रूप में विकसित करने की तैयारी में है। नेतानार कैंप इसका का पहला मॉडल बनेगा।यह अलग बात है कि सुरक्षाबल के स्थापित कैंपों से सुरक्षाबल के जवानों की वापसी कितनी संख्या में होगी और कब तक होगी, इसका खुलासा समय के गर्भ में है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 तारीख को नेतानार में गुंडाधुर की प्रतिमा तक भी जाएंगे और उन्हें पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन एवं सजावट को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थल बस्तर के गौरव और जननायक शहीद गुंडाधुर की स्मृति से जुड़ा है, इसलिए यहां सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप का कहना है कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर आगमन बेहद महत्वपूर्ण है। बस्तर से लाल आतंक को समूल समाप्त करने का दृढ़ संकल्प पूर्ण हुआ है। अब बस्तर को विकास की नई धारा से जोडऩे सुनहरा समय आरंभ हो गया है।







