किसान परिवार से IPS तक अरुण देव गौतम की सफलता की कहानी, अब छत्तीसगढ़ के नए DGP

छत्तीसगढ़ सरकार ने 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। वे अब तक प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्यरत थे और UPSC पैनल की सिफारिश के बाद उन्हें स्थायी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव में जन्मे गौतम एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा गांव से और आगे की पढ़ाई प्रयागराज में पूरी की, जहां से उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और परास्नातक किया, जबकि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल हासिल किया। यूपीएससी में दूसरे प्रयास में सफल होकर 1992 में आईपीएस बने गौतम ने अपने करियर की शुरुआत मध्य प्रदेश कैडर से की और प्रशिक्षु आईपीएस से लेकर एसपी, अतिरिक्त एसपी, एसडीओपी और बटालियन कमांडेंट जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करते हुए व्यापक प्रशासनिक और पुलिसिंग अनुभव अर्जित किया।





