छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू, रायपुर में होगा राज्य स्तरीय आयोजन

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि राज्य स्तरीय समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। समारोह में आकर्षक परेड, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कड़ी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को साफ-सफाई, मंच, पंडाल, पार्किंग, रिहर्सल और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही, जिला एवं तहसील स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा, जिसके लिए संस्कृति विभाग आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।







