बरगी बांध क्रूज हादसा मामला, हाईकोर्ट ने सेफ्टी ऑडिट और क्रूज संचालन पर रोक के आदेश को लिया रिकॉर्ड

मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए बहुचर्चित बरगी बांध क्रूज हादसा मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें राज्य सरकार ने अपना जवाब पेश किया। सरकार ने कोर्ट को बताया कि पूरे प्रदेश के पर्यटक स्थलों का सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा और तब तक राज्य में सभी जगह क्रूज और वाटर स्पोर्ट्स के संचालन पर रोक लगा दी गई है। सरकार के इस जवाब को हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड में ले लिया है। साथ ही न्यायालय ने याचिकाकर्ता को न्यायिक जांच आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखने की अनुमति दी और इसके बाद याचिका का निराकरण कर दिया गया। यह जनहित याचिका भोपाल निवासी कमल कुमार राठी द्वारा दायर की गई थी, जिसमें पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक, सेफ्टी ऑडिट कराने और NGT के निर्देशों के बावजूद संचालन जारी रहने पर सवाल उठाए गए थे। याचिका में दोषी अधिकारियों पर FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग भी की गई थी।







