नेहरू नगर के गांजा तस्कर गिरोह के मनीष वर्मा उर्फ बिरजू गिरफ्तार

रायपुर। नेहरू नगर के गांजा तस्कर गिरोह मुकेश बनिया के करीबी मनीष वर्मा उर्फ बिरजू को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जो हाइडआउट को संचालित करने, मकान किराये पर लेने एवं नेटवर्क के समन्वय की भूमिका निभाता था। बिरजू के विरुद्ध धारा 20 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को सूचना के आधार पर नेहरू नगर-नरैय्या तालाब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा अब्दुल जाफर एवं सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते गिरफ्तार किया था। पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र स्थित एक मकान (किराए का हाइडआउट) पर दबिश दी गई, जहां से कुल 07 किलो 397 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 85,000), पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई राउटर, मोशन सेंसर एवं अन्य उपकरण बरामद किए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा गांजा की सप्लाई संगठित तरीके से की जा रही थी तथा हाइडआउट को तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया गया था। इस प्रकरण में पूर्व में मुकेश गुप्ता उर्फ मुकेश बनिया को 20 मार्च को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है। मनीष से पूछताछ में गिरोह के सप्लाई चैन, अन्य सहयोगियों एवं नेटवर्क संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।







