एसईसीएल कर्मी की नदी में डूबने से मौत

कोरबा। कोरबा के सतरेंगा में रविवार को पिकनिक मनाने गए एक एसईसीएल कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार देर शाम नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने भारी मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बरामद किया। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव 24 के रूप में हुई है। सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी दोस्त नदी में बने एक टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे। बीच रास्ते से सुभांशु ने वापस लौटने का फैसला किया, लेकिन इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उसे बचाने और ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना श्यांग पुलिस और लेमरु थाना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे और पानी के तेज बहाव के कारण रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दिनभर भारी मशक्कत के बाद देर शाम सुभांशु का शव पानी से बाहर निकाला जा सका।
सुभांशु की मौत उसके परिवार के लिए दूसरा सबसे बड़ा झटका है। चार साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद सुभांशु को अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई साल से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशाप में कार्यरत था। घर का एकमात्र कमाने वाला बेटा होने के कारण उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






