अमलाई उपाध्यक्ष पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग और अवैध मिट्टी उत्खनन का आरोप

शहडोल जिले के अमलाई क्षेत्र में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और अवैध उत्खनन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें नगर परिषद बरगवां-अमलाई के उपाध्यक्ष राज तिवारी पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया गया है कि राज तिवारी के संरक्षण में कोल इंडिया की प्रतिबंधित खदान से ओवरबर्डन (मिट्टी) चोरी कर अमलाई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म निर्माण में खपाई जा रही थी। इस पूरे खेल में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि नगर परिषद की जेसीबी मशीन का इस्तेमाल बिना किसी आधिकारिक आदेश या सीएमओ की अनुमति के खदान क्षेत्र में मिट्टी खुदाई के लिए किया गया। मामले को छिपाने के लिए जेसीबी चालक को मरी हुई गाय दफनाने का झांसा देकर बुलाया गया, जबकि असल में वहां से ट्रैक्टरों के जरिए रेलवे स्टेशन तक मिट्टी भेजी जा रही थी। स्थानीय सूत्रों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, पिछले दो दिनों में लगभग 40 से 50 ट्रैक्टर मिट्टी रेलवे परिसर में डाली जा चुकी है। अमलाई स्टेशन पर प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए करीब 8 से 10 लाख रुपये का मिट्टी भराई का ठेका दिया गया था, और रेलवे के इंजीनियरों और ठेकेदार ने भी स्वीकार किया कि मिट्टी राज तिवारी के माध्यम से ही मंगवाई जा रही थी। मामले के उजागर होने पर कोल इंडिया (सुहागपुर एरिया) के अधिकारियों ने सर्वे दल के साथ मौके का मुआयना किया और देवहरा पुलिस चौकी को लिखित शिकायत सौंपी। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, और देवहरा पुलिस यह जांच कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से अधिकारी और रसूखदार शामिल हैं।







