छात्रवृत्ति परीक्षा 2 मई को, आवेदन 20 मार्च तक

कांकेर। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत सत्र 2025-26 के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य कक्षा आठवीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा इस परीक्षा के लिए नि:शुल्क ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन आगामी 20 मार्च तक आमंत्रित किए गए हैं। विद्यार्थियों को अपने अध्ययनरत विद्यालय में पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र तथा आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। विद्यालयों द्वारा प्राप्त आवेदन पत्र 23 मार्च तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों में जमा किए जाएंगे, जबकि केंद्राध्यक्ष द्वारा ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया पूर्ण कर दस्तावेज मंडल कार्यालय को 2 अप्रैल तक भेजे जाएंगे। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिले के अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ-दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।







