हथियारबंद बदमाशों ने किसान परिवार को बनाया बंधक, घर में मचाया आतंक

जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसका उदाहरण बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव में देखने को मिला, जहां हथियारों से लैस पांच से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लूट ली। किसान ओमप्रकाश केवट और उनकी पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बंधे और मुंह पर टेप चिपका दिया गया, ताकि वे शोर न मचा सकें। करीब आधे घंटे तक बदमाशों ने घर में आतंक मचाया और अलमारियों-संदूकों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसान दंपति ने खुद को बंधन से मुक्त किया और बुढार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हाल के दिनों में पुलिसकर्मियों पर हमले और बंधक बनाकर लूट जैसी वारदातें बढ़ती जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।







