Chhattisgarh

जल संरक्षण अभियान को मिला जनसमर्थन, 37 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता

Share

जिला प्रशासन बालोद द्वारा ‘जल संचय-जनभागीदारी 2.0’ और ‘कैच द रैन 2026’ अभियान के तहत जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिले के बालोद, गुरुर, गुंडरदेही, डौंडीलोहारा और डौंडी विकासखंड के 1048 विद्यालयों में एक साथ पत्र लेखन गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान 29,367 विद्यार्थियों ने अपने पालकों, मित्रों और आम नागरिकों को पत्र लिखकर जल की महत्ता, उसके संरक्षण, सदुपयोग और पुनः उपयोग के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। इस अभियान में विद्यार्थियों के साथ 2,105 शिक्षक, 1,471 पालक, 1,053 शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, 1,351 जनप्रतिनिधि और 2,150 आम नागरिकों सहित कुल 37,497 लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान का उद्देश्य वर्षा जल को व्यर्थ बहने से रोककर उसका संचयन करना और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। सभी प्रतिभागियों ने ‘जहां वर्षा हो, जब वर्षा हो—वहीं जल संचयन’ के संदेश को अपनाते हुए भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए जल संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button