कोंडागांव के नदी-नाले उफान पर एनएच-130 डी एवं मर्दापाल मार्ग हुआ बाधित

कोंडागांव। जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले के लगभग सभी नदी-नाले उफान पर हैं, खेतों में पानी लबालब भर गया है। कई स्थानों पर सड़क, पुल-पुलिया, रपटे और तालाब क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं। सबसे अधिक प्रभावित कोंडागांव-नारायणपुर मार्ग (एनएच-130डी) हुआ है, जहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है।
लगातार बारिश और उफनते नदी-नालों के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। वहीं कोंडागांव से मर्दापाल जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह बंद हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-30 पर स्थित नारंगी नदी भी उफान पर है, जिससे आसपास के कई खेत और निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। जिले के अंदरूनी क्षेत्रों, विशेषकर तोतर ग्राम पंचायत सहित अन्य गांवों से भी नदी-नालों के उफान के वीडियो सामने आए हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द राहत एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।







