चंदनगिरी गांव के 15 बाढ़ प्रभावितों को प्राथमिक शाला भवन में पहुंचाया गया

बीजापुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ की चपेट में आए ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन की ओर से एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत के सीईओ के नेतृत्व में टीम चंदनगिरी गांव पहुंची है। राहत एवं बचाव दल बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा हुआ है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाया हुआ है। प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है।अब तक 15 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर चन्दनगिरी प्राथमिक शाला भवन में अस्थायी रूप से पहुंचाया गया है। राहत व बचाव टीम मोटर बोट के माध्यम से नदी किनारे फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही है।
जनपद पंचायत के सीईओ आदित्य कुंजाम ने आज शुक्रवार को बताया कि चन्दनगिरी के नदी तट पर बसे लगभग 30 परिवारों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक 15 लोगो को निकालकर स्कूल भवन में पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई है, लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, और बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बचाव दल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।







