उत्तरप्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ सरकार भी वापस लें स्मार्ट मीटर – बैज

रायपुर। स्मार्ट मीटर के कारण बिजली की खपत से ज्यादा रीडिंग आ रही है और जनता परेशान है, लोगों का बिल तीन गुना तक बढ़कर आया है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश से स्मार्ट मीटर वापस लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ सरकार से भी स्मार्ट मीटर वापस लिए जाने की मांग की है। उत्तरप्रदेश सरकार ने माना कि स्मार्ट मीटर से बिजली की खपत ज्यादा आ रही है, योगी मंत्रिमंडल ने इसे बदलने का फैसला किया है, छत्तीसगढ़ में भी इसे वापस लिया जाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 400 यूनिट तक छूट को आधी करके 200 यूनिट किया, उसमें भी यह शर्त लगा दिया गया कि खपत 400 यूनिट से अधिक होते ही सारी छूट, राहत, रियायत पूरी तरह खत्म। ऊपर से सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाकर अधिक वसूली कर रहे है। अधिक मुनाफाखोरी के लालच में यह सरकार अनाप-शनाप बिजली बिल वसूलने के लिए नए नए पैंतरे अपना रही है। स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में इसी माह से आंदोलन करेगी।







