छोटी-छोटी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ें, शिखर छूने से कोई नहीं रोक सकता – कलेक्टर

रायपुर। राजधानी रायपुर में 12 से 15 जुलाई तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय सुब्रतो कप फुटबॉल एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिता का बुधवार को स्वामी दूधाधारी मठ ट्रस्ट समिति, मठपारा में गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में छोटी-छोटी गलतियों से सीखना चाहिए। यदि खिलाड़ी अपनी गलतियों को पहचानकर उनमें सुधार करते रहें, तो उन्हें सफलता का शिखर छूने से कोई नहीं रोक सकता।
प्रतियोगिता के अंतर्गत फुटबॉल मुकाबले स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में तथा बॉक्सिंग की विभिन्न स्पर्धाएं पंडरी स्थित प्रगति क्लब के हियाल बॉक्सिंग एरिना में आयोजित की गईं। 15 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 17 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, रायपुर द्वितीय एवं सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 17 वर्ष बालिका वर्ग में बस्तर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
14 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय एवं बस्तर तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, दुर्ग ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विभिन्न आयु एवं वर्ग की अन्य स्पर्धाओं में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए। 19 वर्ष बालक वर्ग की स्पर्धाओं में दुर्ग एवं रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर की टीमों ने भी विभिन्न स्थानों पर सफलता अर्जित की। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने बॉक्सिंग का ओवरऑल चैंपियन खिताब अपने नाम किया।







