ChhattisgarhPolitics

कांग्रेस के दस दिवसीय प्रशिक्षण में नेता प्रतिपक्ष राहुल होंगे शामिल

Share

रायपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अभनपुर स्थित मंगल भवन 21 जून से आयोजित होगा। इस शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इस संबंध में एआईसीसी के प्रभारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पीसीसी समेत सभी जिला अध्यक्षों को पत्र के जरिए सूचित कर दिया है।
प्रशिक्षण सम्मेलन में राहुल गांधी सभी जिला अध्यक्षों से संवाद भी करेंगे। इस दौरान संबंधित जिलों की राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी लेंगे। इस बात की चर्चा है कि प्रशिक्षण सत्र के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को व्यापक अधिकार दिया जाएगा। इससे स्थानीय हालातों के मुताबिक फैसले लेने का दायरा भी बढ़ेगा। वे सीधे एआईसीसी के संपर्क में रहेंगे। एक तरह से जिला अध्यक्षों को ताकतवर बनाते हुए पूरे संगठन को प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रियंका गांधी और खरगे के शामिल होने की चर्चा: राष्ट्रीय महासचिव ने पीसीसी को निर्देश दिए हैं कि वे एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। प्रशिक्षण में एआईसीसी के महासचिवों समेत पीसीसी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को पहले दो दिन और अंतिम दो दिन मौजूद रहना अनिवार्य होगा। इस प्रशिक्षण सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी के शामिल होने की भी चर्चा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button