सरकारी स्कूलों मे पहली बार पहली से 12वीं तक की तिमाही-अर्धवार्षिक परीक्षाएं एक साथ और एक ही तारीख को होगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य के सभी स्कूलें 1 अप्रैल से खुल जाएंगी और इसको देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अभी से इसकी तैयारी शुरु कर दी है। इस सत्र से सरकारी स्कूलों की कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक ही तारीख और एक साथ आयोजित होंगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा की समय-सारणी और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कक्षा पहला से आठवीं तक तिमाही परीक्षा 21 से 26 सितंबर व अर्धवार्षिक परीक्षाएं 1 से 7 दिसंबर तक सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक आयोजित होंगी। कक्षा 9 से 12वीं तक की तिमाही परीक्षा 21 से30 सितंबर व अर्धवार्षिक परीक्षाएं 1 से 11 दिसंबर तक दोपहर 1 बजे से शाम को 4 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
पहले जिलों में स्थानीय स्तर पर अलग-अलग तारीखों में परीक्षाएं होती थीं, लेकिन अब सभी जिलों में एक समान तिथि पर परीक्षा होगी। परीक्षा के संचालन और प्रश्नपत्र तैयार कराने के लिए हर जिले में जिला स्तरीय परीक्षा समिति बनाई जाएगी। समिति विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के सहयोग से गोपनीय प्रश्नपत्र तैयार करेगी और परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले विकासखंड व संकुल स्तर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित होगी जिसमें सहायक संचालक (प्रशासन), वरिष्ठ प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक तथा प्रधान पाठक सदस्य होंगे। इस समिति की जिम्मेदारी पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कराना, प्रश्नपत्र की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, परीक्षा से दो दिन पहले प्रश्नपत्र वितरित करना, उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराना, प्राप्तांक और रिकॉर्ड का सुरक्षित संधारण करनी होगी।







