कोंडागांव में राज्य नीति आयोग के निर्देश पर पोषण में विविधता की हुई शुरुआत

कोंडागांव। जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण स्तर को ध्यान में रखते हुए संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत कोंडागांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में छात्राओं को विशेष रूप से दक्षिण भारतीय नाश्ता परोसा गया, जिससे उनके भोजन में विविधता लाई जा सके। इस पहल की शुरुआत 6 अप्रैल को हुई थी, जब राज्य नीति आयोग की संयुक्त संचालक डॉ. भावना दीक्षित ने छात्रावास का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के आहार में विविधता लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सप्ताह में एक दिन अलग प्रकार का पौष्टिक नाश्ता देने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में मंगलवार को नीति आयोग के कंसल्टेंट संतोष कुमार सितारे की अध्यक्षता में यह विशेष नाश्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं को इडली, डोसा, सांभर और अन्य दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे गए। विशेषज्ञ कार्यक्रम के दौरान केवल भोजन वितरण ही नहीं, बल्कि छात्राओं को संतुलित आहार और पोषण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि अलग-अलग प्रकार के भोजन से शरीर को विभिन्न आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के पोषण स्तर में सुधार करना और उन्हें विविध आहार के प्रति जागरूक बनाना है। यह प्रयास बच्चों में नई खाद्य आदतों को विकसित करने और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की यह पहल छात्राओं के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







