भरत तिवारी एनकाउंटर पर बढ़ा विरोध, सर्व समाज ने की 1 करोड़ मुआवजे और न्याय की मांग

लोरमी में बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर ब्राह्मण समाज की अगुवाई में सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने कथित एनकाउंटर को संदेहास्पद बताते हुए इसे गंभीर मामला बताया और भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। समाज के लोगों ने निर्णय लिया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। गौरतलब है कि भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र में 17 जून को हुए कथित एनकाउंटर में भरत तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। इस मामले में परिजनों ने आत्मसमर्पण के बाद गोली मारने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मुठभेड़ में आत्मरक्षा में कार्रवाई करने की बात कही है। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है और बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।






