Chhattisgarh
रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर पानी को लेकर बवाल, यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच हुई मारपीट

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर उस समय हड़कंप मच गया जब पीने के पानी को लेकर एक यात्री और स्टेशन कैंटीन के कर्मचारी के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि चारलापाली से दरभंगा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन का एक यात्री ट्रेन के ठहराव के दौरान पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरा था, जहां कैंटीन कर्मचारी से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस हंगामे के बीच यात्री अपनी ट्रेन में वापस नहीं चढ़ सका और उसकी ट्रेन छूट गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





