Chhattisgarh
बस में सवार यात्रियों के सामने हंगामा, वायरल वीडियो ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

कवर्धा में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें कुछ युवक बीच सड़क पर चलती पैसेंजर बस को रोककर चालक के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और धमकी देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पंडरिया–मुंगेली मार्ग पर हिसार पेट्रोल पंप के पास हुई, जब मुंगेली से पंडरिया जा रही बस को तीन युवकों ने रोक लिया और बेल्ट लहराकर चालक को डराने-धमकाने लगे। इस दौरान बस में महिला, बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सहित कई यात्री सवार थे, जिससे मौके पर दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और लोग इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।







