Madhya Pradesh

उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश आएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त, बीएलओ कॉन्फ्रेंस में करेंगे संवाद

Share

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मध्य प्रदेश दौरा तय हो गया है। चुनावी तैयारियों के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 4 जुलाई की दोपहर बाद इंदौर पहुंचेंगे और शाम 4 बजे लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित बीएलओ कॉन्फ्रेंस में इंदौर, उज्जैन, देवास, धार और खंडवा जिले के 1,500 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची और बूथ प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। ज्ञानेश कुमार इससे पहले दिल्ली में भी बीएलओ और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के साथ सीधे संवाद कर चुके हैं। कॉन्फ्रेंस के बाद वे इंदौर में रात्रि विश्राम करेंगे। 5 जुलाई को उनका ओंकारेश्वर और महेश्वर जाने का कार्यक्रम है, जहां वे भगवान शिव के दर्शन करेंगे और महेश्वर किले का भी भ्रमण करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे की सूचना मिलते ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब चुनाव आयोग ने गुरुवार को देश की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है, जिनमें मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट भी शामिल है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान प्रदेश में चुनावी तैयारियों और मतदान व्यवस्था की समीक्षा पर विशेष जोर रहेगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button