रायसेन में बस हादसा बिजली के खंभे से टकराई बस, एक युवक करंट से झुलसा

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में उस समय हादसा हो गया जब भेरूंदा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही यात्रियों से भरी बस बिजली के खंभे से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को बसों के जरिए कार्यक्रम स्थल भेजा जा रहा था, इसी दौरान सांची क्षेत्र से रवाना हुई एक बस रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार एक युवक बिजली के करंट की चपेट में आकर झुलस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सांची अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।







