ChhattisgarhCrimeRegion

बाल सुधार गृह से चार लड़के चौकीदार की हत्या कर फरार, शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

Share

बिलासपुर। बाल सुधार गृह में हत्या-दुष्कर्म के आरोप में बंद चार लड़कों ने वहां के चौकीदार तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) की हत्या कर फरार हो गए। बताया जाता है कि चारों युवकों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस कर उसकी हत्या कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस वहां पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उनकी तलाश शुरु कर दी है। वहीं दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने बाल सुधार गृह का घेराव करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी रोक दिया।
बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 11 बजे चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर चारों बाल अपचारी बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस फरार बाल अपचारियों की तलाश में अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर चुकी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं चौकीदार की हत्या के बाद चार लड़कों के फरार होने से सुरक्षा में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने अधिकारियों को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, भरण-पोषण की व्यवस्था, उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने बाल सुधार गृह के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फरार लड़कों में एक की उम्र 20 साल हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल भेजा जाना था। बाकी लड़के हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में यहां रखे गए थे। पुलिस चारों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button