प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी, 52 केंद्रों पर होगी परीक्षा

रायपुर में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा (PSLA-26) 26 जुलाई 2026 (रविवार) को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई को सुबह 6:00 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर से किया जाएगा। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा प्रत्येक परीक्षार्थी के प्रवेश से पूर्व अनिवार्य रूप से फ्रिस्किंग कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




