Chhattisgarh
मिलावटी और सड़े फलों पर कार्रवाई, रायपुर में विभाग का बड़ा निरीक्षण अभियान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायपुर में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए लालपुर स्थित थोक फल बाजार में सघन निरीक्षण किया। नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल और डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में टीम ने फलों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। निरीक्षण के दौरान तरबूज के 2, अनार का 1, आम का 1 और मौसंबी का 1 सहित कुल 5 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही बाजार में मिले करीब 40 किलो सड़े-गले फल मौके पर ही नष्ट कराए गए। विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी और नागरिकों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।







