खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 महिलाओं समेत 4 की मौत, मासूम गंभीर

दुर्ग। कुम्हारी के समीप नेशनल हाइवे 53 पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर लोड ट्रैक्टर से तेज रफ्तार स्कूटी जा टकराई जिससे स्कूटी सवार दो महिला और दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई, वहीं एक बच्चा गंभीर रुप से घायल हो गया जिसका इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) स्कूटी चला रही थीं. उनके साथ कुल पाँच लोग बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर लोड ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 07 एनए 0930 के पीछे स्कूटी टकरा गई और दुर्घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) के अलावा लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), यासना (7 वर्ष), डाली (4 वर्ष) शामिल हैं. वहीं घायल भावेश (8 वर्ष) को उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी में रखा गया है. घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. दुर्घटना में संलिप्त ट्रैक्टर को पुलिस ने जप्त कर ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए थाना लाया है।







