ChhattisgarhRegion

पुलिस ने विद्यार्थियों को सड़क, महिला व साइबर सुरक्षा के लिए किया जागरूक

Share

कांकेर। जिले की पुलिस ने पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में विद्यार्थियों को सुरक्षित और जागरूक नागरिक बनाने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान आत्मानंद स्कूल पटौद, हायर सेकेंडरी स्कूल पटौद और हायर सेकेंडरी स्कूल ठेमा में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने सड़क संकेतों की पहचान, ट्रैफिक नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ओवरस्पीड से बचने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने जैसे विषयों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर जागरूक किया। साथ ही राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। विद्यार्थियों को डायल-112 की आपातकालीन सहायता सेवाओं की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया।
महिला रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा और अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी दी। वहीं साइबर टीम ने डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कांकेर पुलिस ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button