स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद अपोलो अस्पताल पर सवाल, तोखन साहू ने मांगी कार्रवाई

बिलासपुर के प्रतिष्ठित अपोलो अस्पताल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की छापेमार कार्रवाई के बाद अब केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर अस्पताल पर नियमों के उल्लंघन और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ नहीं देने की शिकायत की है। तोखन साहू ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि अपोलो अस्पताल में आयुष्मान भारत और खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से गरीब मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों के इलाज से जुड़े दस्तावेज, चिकित्सा रिकॉर्ड और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की थी। वहीं एक गंभीर मरीज को हैदराबाद रेफर करने के मामले में अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप भी लगे हैं, जिसकी जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।







