Chhattisgarh
जल संरक्षण मामले में NGT सख्त, तीन क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने जल संरक्षण से जुड़े मामले में सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर समेत देश के तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। NGT के आदेश के अनुसार, बिना अनुमति इन स्टेडियमों में किसी भी खेल आयोजन की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंध की जद में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। अधिकरण ने भूजल के उपयोग, जल पुनर्चक्रण और वर्षा जल संचयन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने तथा नोटिस के बावजूद जवाब दाखिल नहीं करने पर नाराजगी जताई है। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। NGT ने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए खेल परिसरों को जल संरक्षण नियमों का पालन करना आवश्यक है।






