Chhattisgarh

बगनई नदी के बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों की बचाई जान

Share

गरियाबंद। बगनई नदी में आए बाढ़ में निर्माणाधीन पुल में काम करने वाले 14 मजदूर फंस गए। इसकी जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ और पुलिस बल ने फंसे हुए 14 मजदूरों को बाहर निकाला। इन मजदूरों ने पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। रेस्क्यू अभियान के दौरान कलेक्टर-एसपी समेत जिले का प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद था। छुरा ब्लॉक के अंतिम छोर में स्थित ग्राम बीजापाल में बगनई नदी पर निर्माणाधीन पुल के काम में लगे 14 मजदूर नदी में अचानक आए तेज बहाव के कारण फंस गए। लगातार हुई बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इससे मजदूरों को जान बचाने के लिए नदी किनारे मौजूद एक पेड़ का सहारा लिया। सभी मजदूरों ने पूरी रात पेड़ पर ही बिताई और सुबह तक राहत एवं बचाव दल के पहुंचने का इंतजार किया। इनमे
10 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ, लेकिन नदी का बहाव तेज होने की वजह से रात के समय उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं था। सुबह होते ही बचाव अभियान शुरू किया गया।
गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने भारी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, थाना प्रभारी तथा ग्राम पंचायत के सरपंच सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद था।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button