ChhattisgarhRegion

मरीजों का मनोवैज्ञानिक इलाज भी करें डॉक्टर- डेका

Share


रायपुर।
डॉक्टर को किसी मरीज का इलाज दो स्तर पर करना चाहिए। एक अपनी दवाओं से और दूसरा मनोवैज्ञानिक तरीके से। जब आप किसी बीमार व्यक्ति को उसकी बीमारी के बारे में पूछताछ करते हैं, तो आपको अपनी शिक्षा व अनुभव के आधार पर उसके मर्ज की विस्तृत जानकारी हो जाती है और आप दवाओं का उसे पर्चा थमा देते हैं। आपकी लिखी दवाओं से मरीज ठीक हो जाता है। फिर भी उसे अपने स्वस्थ होने पर संदेह तो रहता है, क्योंकि डॉक्टर ने न तो उसे हाथ लगाया और न ही स्टेथोस्कोप से उसके शरीर की जांच की।
महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में युवा डॉक्टर्स और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने इस आशय के विचार व्यक्त किए। रमेन डेका लोक भवन से मिले एंबुलेंस की सेवा का शुभारंभ करने के लिए बेहद खराब मौसम के बावजूद महाराष्ट्र मंडल पहुंचे थे। राज्यपाल ने डॉक्टर्स से कहा कि कम से कम आप अपने मरीज की मनोवैज्ञानिक संतुष्टि के लिए मरीज को स्पर्श कर, उसका स्टेथोस्कोप से जांच कर उसके पूरी तरह सेहतमंद होने का भरोसा तो दे ही सकते हैं।
रमेन डेका ने युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से कहा कि आप लोग व्यापारियों के सबसे करीबी और विश्वस्त मार्गदर्शक हो, शुभचिंतक हो और फिलासफर हो। जिस समय आम धरणा बनती है कि अब पुश्तैनी बिजनेस में कुछ नहीं बचा, तब आप ही हैं, जो उन्हें आपने मार्गदर्शन से पुराने बिजनेस में ही नवाचार करने का रास्ता दिखाकर कुछ नया सोचने और करने के लिए प्रोत्सहित करते हैं। उन्होंने युवा सीए से कहा कि उनके कंधों पर देश की अर्थव्यवस्था का भार है। इसे आप महसूस करें।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि छह जून को शिवाजी प्रतिमा अनावरण समारोह में इसी मंच से राज्यपाल डेका ने मंडल को एबुंलेंस देने का वादा किया था। एक माह के भीतर लोक भवन से मिले एबुंलेंस की सेवा का उनके हाथों से ही शुभारंभ करते हुए देखकर हम सब उनके प्रति कृतज्ञ व आभारी हैं। काले ने कहा कि हम राज्यपाल के भरोसे पर खरा उतरकर दिखेंगे। इससे पूर्व राज्यपाल ने एबुलेंस का हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव चेतन दंडवते और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्यों, पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सभासद भी उपस्थित थे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button