Madhya Pradesh
उज्जैन और इंदौर में आग का तांडव, पूजा सामग्री और मोबाइल दुकानें जलकर राख

उज्जैन और इंदौर में आगजनी की दो घटनाएं सामने आई हैं। उज्जैन के प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के सामने स्थित पूजा सामग्री की दुकानों में सुबह अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया। आग दो दुकानों तक पहुंची थी, जिनमें रखी पूजा सामग्री जलकर खराब हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। वहीं इंदौर के एयरपोर्ट क्षेत्र की 60 फीट रोड स्थित एक मोबाइल दुकान में देर रात आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने शटर तोड़कर आग बुझाई, लेकिन दुकान में रखे मोबाइल एसेसरीज सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।







