ChhattisgarhRegion

11 जून को कड़ी सुरक्षा व नियमों के बीच होंगे प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 

Share

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा 11 जून को प्री-बी एड और बी एससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके लिए बस्तर जिले के परीक्षार्थियों हेतु जगदलपुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्री-बी एड की परीक्षा के लिए 9 केंद्र तय किए गए हैं, जिनमें शासकीय काकतीय पी.जी. कॉलेज धरमपुरा, बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल, शासकीय दन्तेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल गीदम रोड, और स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा, अग्रसेन चौक व रेलवे कालोनी शामिल हैं। वहीं बीएससी नर्सिंग की परीक्षा शेष 4 केंद्रों पर होगी, जिनमें शहीद गुण्डाधूर कृषि कॉलेज कुम्हरावण्ड, धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक धरमपुरा, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल पथरागुड़ा और शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना को केंद्र बनाया गया है।
प्रशासन ने निष्पक्ष और कड़ाई से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके तहत सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर तय समय से ढाई घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी और इसके बाद ही वीक्षकों द्वारा प्रवेश पत्र तथा मूल पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को अपने साथ इंटरनेट से निकाला गया साफ-सुथरा मूल प्रवेश पत्र और एक वैध पहचान पत्र लाना आवश्यक है, और यदि किसी के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट न हो, तो उन्हें अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाने की सलाह दी गई है।
परीक्षा के दौरान कड़े नियमों का पालन करना होगा, जिसमें परीक्षार्थियों को हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े और पैरों में चप्पल पहनकर आना होगा क्योंकि जूता-मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा कान के आभूषण जैसे बाली या झूमका, घड़ी, पर्स, मोबाइल, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, हाथ में बंधे धागे और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह वर्जित रहेंगे।
इस पूरी परीक्षा के सुचारू और सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा (मोबाइल नंबर 9406349496) को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ ही शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव (मोबाइल नंबर 9827491253) समन्वयक के रूप में और इसी महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर (मोबाइल नंबर 70009-74126) सहायक समन्वयक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। जिला प्रशासन और परीक्षा नियंत्रण बोर्ड ने बस्तर संभाग के सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए तय किए गए सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button