कोरिया में अवैध IPTV नेटवर्क का खुलासा, संचालक पर FIR

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में इंटरनेट आधारित टीवी (IPTV) के माध्यम से कथित रूप से कॉपीराइट सामग्री के अवैध प्रसारण के मामले में बैकुंठपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। Jio Star India Pvt. Ltd. की शिकायत पर सिटीनेट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के संचालक राजीव पंजियारा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303, 314 तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63, 65, 66 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामला गैरजमानती धाराओं से संबंधित है और इसकी जांच जारी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सिटीनेट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित नेटवर्क के माध्यम से IPTV प्लेटफॉर्म पर JioHotstar और विभिन्न टीवी चैनलों की कॉपीराइट सामग्री बिना वैध अनुमति के ग्राहकों तक पहुंचाई जा रही थी। कंपनी की ओर से नियुक्त जांच एजेंसी द्वारा की गई तकनीकी जांच और रिकॉर्डिंग के आधार पर यह कार्रवाई की गई। FIR के अनुसार जांच के दौरान IPTV एप्लिकेशन के जरिए मनोरंजन, खेल, फिल्म और बच्चों से संबंधित कई चैनलों का कथित रूप से अवैध पुनः प्रसारण पाया गया, जिनमें Star Plus, Star Bharat, Star Utsav, Colors, Star Sports और Star Gold जैसे प्रमुख चैनल शामिल हैं। पुलिस ने कंट्रोल रूम में छापेमारी कर इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं और तकनीकी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं, कंपनी में डायरेक्टर पद पर कार्यरत राजीव पंजियारा की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







