हसदेव एक्सप्रेस अब रोज़ाना, भीड़ से मिलेगी बड़ी राहत

रेलवे ने रायपुर और कोरबा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए हसदेव एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का फैसला किया है। वर्तमान में ट्रेन संख्या 18249/18250 रायपुर–कोरबा–रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन तथा ट्रेन संख्या 18251/18252 सप्ताह में तीन दिन संचालित होती है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दोनों ट्रेनों को एकीकृत करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 1 अगस्त 2026 से ट्रेन संख्या 18249/18250 हसदेव एक्सप्रेस के रूप में सप्ताह के सभी सातों दिन संचालित होगी। इस बदलाव से रायपुर, बिलासपुर, चांपा, कोरबा और मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को नियमित रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही ट्रेन में 15 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जो आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सुरक्षा मानकों से लैस हैं। रेलवे का मानना है कि इस फैसले से दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारिक यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक होगी।







