मधुमक्खियों के हमले ने छीनी सास की जान, दामाद घायल, गांव में छाया शोक

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सास और दामाद पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना दुगली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जिसमें सास की मौत हो गई जबकि दामाद घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पालगांव निवासी रामवती नेताम अपने दामाद के साथ सुबह जंगल में सराई बिनने गई थीं, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों इधर-उधर भागे, लेकिन बुजुर्ग महिला खुद को बचा नहीं सकीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायल दामाद का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।







