गोढ़ी सुशासन तिहार शिविर में कांग्रेस-ग्रामीणों का जोरदार विरोध, किया बहिष्कार

बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता Rajendra Shukla के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शिविर का बहिष्कार करते हुए आरोप लगाया कि उनके द्वारा पूर्व में दी गई समस्याओं का अब तक समाधान नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने बिजली, पानी, सड़क, खाद-बीज जैसी मूलभूत सुविधाओं की खराब स्थिति को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों पर गंभीर सवाल उठाए। साथ ही पीएचई, कृषि, विद्युत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जवाबदेही की मांग की गई। राजेंद्र शुक्ला ने नगपुरा-झाल और मोहदा मार्ग के निर्माण कार्य में देरी पर भी नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि जब उन्होंने मंच से जनसमस्याएं उठानी शुरू की तो उनका माइक बंद कर दिया गया, जिसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में शराब दुकान बंद करने, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, किसानों को समय पर बिजली-पानी और खाद-बीज उपलब्ध कराने, वृद्धजनों को पेंशन देने तथा पात्र हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना की राशि समय पर देने की मांग भी उठाई। नारेबाजी और विरोध के बीच माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में लोगों ने सुशासन तिहार शिविर का बहिष्कार किया।







