देवभोग में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा 130 किलो मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से 130 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी गई है। यह गांजा सब्जी के कैरेट में छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद खुटगांव चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसमें ऊपर सब्जी के कैरेट लदे हुए थे, लेकिन तलाशी लेने पर नीचे से गांजे के पैकेट बरामद हुए। मौके से पुलिस ने तस्कर राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया, जो गाजीपुर का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की जांच कर रही है कि ओडिशा में यह माल किसने सप्लाई किया और उत्तर प्रदेश में इसे कहां खपाया जाना था। बता दें कि पिछले एक सप्ताह में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है, इससे पहले भी ओडिशा सीमा पर 1 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा बरामद किया जा चुका है।







