Madhya Pradesh

निवाड़ी में रेलवे ट्रैक पर आरक्षक का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी; पारिवारिक तनाव की आशंका

Share

मध्यप्रदेश के निवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक आरक्षक का शव मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक आरक्षक सेंदरी थाने की तरीचर कला चौकी में चालक के पद पर पदस्थ थे। पुलिस के मुताबिक देर रात वह अपनी स्कूटी से अकेले रेलवे स्टेशन की ओर गए थे और सुबह उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जहां प्रारंभिक जांच में ट्रेन से कटकर मौत होने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना 22 मई की सुबह करीब 6 बजकर 36 मिनट पर डायल-112 को मिली, जिसके बाद पुलिस और डायल-112 स्टाफ मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक के पास पुलिस लिखी हुई एक स्कूटी भी मिली, जिसका नंबर MP36MA6757 बताया गया है। मृतक की पहचान आरक्षक चालक कुलदीप गौतम के रूप में हुई, जो मूल रूप से मुरैना के रहने वाले थे और चौकी तरीचर कला में पदस्थ थे। जांच में सामने आया है कि उन्होंने एक दिन पहले पारिवारिक कारणों से अवकाश का आवेदन भेजा था, जिसे स्वीकृत भी कर दिया गया था, वहीं परिवार में जमीन विवाद और तनाव की स्थिति की भी बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार उनकी पत्नी उनके साथ नहीं रहती थी और परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरक्षक देर रात करीब एक बजे स्कूटी से अकेले रेलवे स्टेशन की ओर गए थे और सीसीटीवी फुटेज में भी उन्हें अकेले जाते हुए देखा गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button