ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टर पैनल संचालक लोकेश अग्रवाल गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जहां बेटिंग साइट का पैनल और लिंक बेचने के आरोप में रामसागरपारा निवासी लोकेश अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बड़ा बुकी है और कई जिलों में क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़ा हुआ था। इससे पहले कबीरनगर पुलिस ने कोटा क्षेत्र से आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार किया था, जिनसे पूछताछ और फोरेंसिक जांच में लोकेश अग्रवाल का नाम सामने आया था। दोनों आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन और लगभग 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। पुलिस के अनुसार, लोकेश अग्रवाल फरार चल रहा था, जिसे अब पकड़ लिया गया है और उसके मोबाइल फोन व बैंक खातों की जांच की जा रही है। एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने बताया कि आरोपी मास्टर पैनल संचालक है और “ऑल पैनल 777” सहित कई बेटिंग वेबसाइट्स का संचालन करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका रायपुर और आसपास के जिलों में बड़ा नेटवर्क है, जहां रोजाना लाखों रुपये का अवैध लेनदेन होता था। पुलिस अब संदिग्ध बैंक खातों और पूरे सिंडिकेट की गहन जांच कर रही है।







