फर्जी नियुक्ति पत्र से हड़कंप: डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग, पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का मामला सामने आया है, जिसमें विभागीय सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल किया गया है। इस फर्जी आदेश को कई अभ्यर्थियों तक भेजा गया, जिससे मंत्रालय में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया के दौरान 5 मार्च 2026 की तारीख वाला एक फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किया गया, जिसमें सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। इस पत्र में अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और प्रशिक्षण के बाद नियुक्ति की अनुशंसा का उल्लेख किया गया है। मामला सामने आने के बाद मंत्रालय में ऑनलाइन प्रणाली की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि सभी कार्य डिजिटल माध्यम से किए जा रहे हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में विभाग के किसी कर्मचारी की संलिप्तता हो सकती है।







