स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: नियमों का पालन न करने पर 16 नर्सिंग होम बंद

ग्वालियर में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 नर्सिंग होम्स के पंजीयन निरस्त कर दिए हैं। CMHO डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने यह कदम उन नर्सिंग होम्स के खिलाफ उठाया है जिन्होंने निर्धारित समय सीमा में रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण (रिन्युअल) नहीं कराया था। विभाग की ओर से संबंधित संस्थानों को पहले 12 दिसंबर 2025, 25 दिसंबर 2025 और 2026 में नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन समय पर अनुपालन न होने पर यह कार्रवाई की गई। निरस्त किए गए नर्सिंग होम्स में कल्याण जी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, वाईएसएम अस्पताल, आशा देवी मेमोरियल अस्पताल, राम कृष्णा अस्पताल, केयर एंड क्योर हॉस्पिटल, लीला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, प्राइम केयर एंड क्योर हॉस्पिटल, पीतांबरा माता नर्सिंग होम, मयूर नर्सिंग होम, श्री कृष्णा अस्पताल, गौतम स्पेशलिटी अस्पताल, चोपड़ा चेस्ट अस्पताल, के.के. अस्पताल, वसुन्धरा राजे अस्पताल, शिवानी आई अस्पताल और महादेव अस्पताल शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।







