किसानों को खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश

बेमेतरा। खरीफ सीजन 2026 के मद्देनजर कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संयुक्त संचालक कृषि ने बेमेतरा जिले के कृषि अधिकारियों की बैठक लेकर बीज, उर्वरक और अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की।
संयुक्त संचालक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद-बीज उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने खरीफ फसलों के रकबा विस्तार, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों के किसानों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने, मौसम आधारित कृषि सलाह उपलब्ध कराने और कृषि संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे और आधुनिक खेती पद्धतियों के प्रति किसानों को लगातार जागरूक किया जाए।
बैठक में खरीफ सीजन के लिए बीज एवं उर्वरक भंडारण, उपलब्ध संसाधनों और किसानों के हित में किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जिले में खरीफ सीजन के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।






