सुरक्षाबलों ने महिला नक्सली एसीएम रूपी को किया ढेर

कांकेर। जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया गया, जिसकी पहचान एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) रूपी के रूप में हुई है। उसे बस्तर इलाके में बड़े कैडर की आखिरी सक्रिय महिला माओवादी माना जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती माचपल्ली, आरामझोरा और हिडूर जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस बल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान माचपल्ली इलाके में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च अभियान में सुरक्षा बलों को एक महिला माओवादी का शव मिला, जिसकी पहचान एसीएम रूपी के रूप में हुई। बताया गया कि रूपी डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जिसकी वर्ष 2025 में मानपुर मोहला जिले में मुठभेड़ के बाद मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर मानी जा रही थी। घटनास्थल से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। बताया गया कि आसपास के इलाकों में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
बस्तर रेंज आईजी सुन्दरराज पी ने कहा कि सरकार की ओर से माओवादी कैडरों को आत्मसमर्पण और पुनर्वास का लगातार अवसर दिया जा रहा है, जिसके चलते हाल के महीनों में कई माओवादी मुख्यधारा में लौटे हैं। हालांकि कुछ कैडर अब भी हिंसा का रास्ता छोडऩे को तैयार नहीं हैं।





