बाथरूम के पास पक रही थी बिरयानी, किचन में मिली भारी गंदगी व कई सालों ने निगम का बकाया नहीं चुकाने पर होटल अमृतसरी सील

रायपुर। नगर घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी को नगर निगम ने मंगलवार को सील कर दिया क्योकि कई सालों से निगम का बकाया नहीं चुकाने, होटल परिसर में भारी गंदगी, सड़क पर किचन संचालित करना, अस्वास्थ्यकर माहौल में भोजन तैयार करना और बाथरूम से सटे स्थान पर बिरयानी रखे जाने जैसी लापरवाहियां पाई गईं। इसके साथ ही नगर निगम के अधिकारियों ने होटल संचालक पर 1 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
निगम अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार होटल प्रबंधन को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार अनदेखी और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए होटल को सील करने की कार्रवाई की गई। होटल अमृतसरी कई सालों से निगम का बकायादार था। बार-बार नोटिस जारी करने और बकाया राशि जमा करने के निर्देश देने के बावजूद होटल प्रबंधन ने भुगतान नहीं किया। इसके बाद राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।



